शामली (उत्तर प्रदेश):
जनपद शामली में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी और उनकी खुलेआम कालाबाजारी को लेकर आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय जाट महासभा के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।
युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग खुलेआम कालाबाजारी कर रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को मजबूरी में दोगुनी कीमत पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
उन्होंने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि डीएपी और एनपीके खाद की भी भारी कमी है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से आने वाले समय में उत्पादन घटने और खाद्यान्न संकट की आशंका जताई गई।
इसके अलावा महासभा ने आवारा पशुओं द्वारा फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी महासभा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के कई मार्गों पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए। विशेष रूप से शामली बाईपास पर स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट और पुलिस निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गई।
महासभा ने प्रशासन से मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए, आवारा पशुओं पर नियंत्रण किया जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
इस मौके पर पप्पू लपराना, वीरेंद्र, बहादुर सिंह, अमजद खान, अरविंद खोडसमा, परमवीर, विनय कुमार, सौराम प्रधान, हर्ष, सुमित सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रशन कुमार, शामली (उत्तर प्रदेश)


