शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव गोहरपुर में मेले से लौट रहे युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के अनुसार, 25 मार्च को बाबरी थाना क्षेत्र के गांव खानपुर तलवा माजरा निवासी सुनील का पुत्र अभि और उसका भतीजा प्रियांशु उर्फ मोंटू गोहरपुर मेले में मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने गए थे। इस दौरान बाइक की साइड लगने को लेकर कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई थी, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था।
हालांकि, जब अभि और प्रियांशु प्रसाद चढ़ाकर वापस लौट रहे थे, तभी बाबरी थाना क्षेत्र के गांव कुरमाली निवासी शिवा पुत्र बिजेंद्र और उसके साथियों ने अभि को घेर लिया। इसी दौरान गौरव उर्फ रफ्तार ने अभि के पेट में गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अभि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया, जहां कैलाशी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में आदर्श मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवा पुत्र बिजेंद्र और गौरव उर्फ रफ्तार पुत्र देशपाल, निवासी गांव कुरमाली, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी गौरव ने बताया कि करीब तीन माह पहले बाइक की टक्कर को लेकर अभि से उनका विवाद हुआ था। 25 मार्च को भी अभि ने फोन पर गाली-गलौच की थी। उसी दिन मंदिर के पास दोबारा विवाद हुआ, जहां अभि द्वारा शिवा को मुक्का मारने पर क्षुब्ध होकर गौरव ने गोली चला दी।
वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा गांव कुडाना निवासी तनिष्क से तीन हजार रुपये में खरीदा गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी रजत की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और तमंचा उपलब्ध कराने वाले तनिष्क के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: प्रशन कुमार, शामली (उत्तर प्रदेश)



