रिपोर्ट — प्रशन कुमार, शामली. उत्तर प्रदेश
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कांधला में मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर किशोरी बालिकाओं को पर्सनल हेल्थ एवं हाइजीन के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत 20 पौधों का रोपण भी किया गया।
दिनांक 07-02-2026 को जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, शामली द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कांधला में मेडिकल कैम्प लगाया गया।
मेडिकल हेल्थ कैम्प का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं में पर्सनल हेल्थ व हाइजीन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, जिससे किशोरियाँ अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत बन सकें। स्वस्थ जीवनशैली के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है।
कैम्प में आई महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य की जांच नामित स्वास्थ्य टीम की डॉ. स्वाति गुप्ता द्वारा की गई। इस दौरान उपस्थित लगभग 300 किशोरियों को सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।
‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 22 जनवरी 2015 को की गई थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के घटते लिंगानुपात की समस्या को दूर करना, उन्हें शिक्षित करना एवं सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्या श्रीमती कविता जयजान द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात डॉ. स्वाति गुप्ता ने बालिकाओं को पर्सनल हाइजीन के महत्व के बारे में जानकारी दी।
एनजीओ ह्यूमिनिटी वेलफेयर सोसाइटी की टीम से साबरा ने बालिकाओं से व्यक्तिगत स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में बालिकाओं को बताया गया कि अच्छी सेहत का राज व्यक्तिगत स्वच्छता है। यह कोई कोर्स नहीं बल्कि एक आदत है, जिसे जीवन में शामिल करना चाहिए। व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने से अनेक प्रकार की बीमारियों और खतरों से बचा जा सकता है। पर्सनल हाइजीन का अर्थ शरीर को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखना है, जिसे हाथ धोने, दाँत ब्रश करने एवं नियमित रूप से स्नान करने जैसी आदतों से अपनाया जा सकता है। इसके लिए इन आदतों का विकास करना अत्यंत आवश्यक है।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्री कुलदीप शर्मा द्वारा उपस्थित छात्राओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड), स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर में संचालित सुविधाएँ, तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी शामिल रही।
साथ ही विभाग द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 1098, 102, 108, 112, 181, 1090 एवं 1076 की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्री सदफ खान ने बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं दंड प्रावधानों की जानकारी दी तथा बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम की समाप्ति पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत कॉलेज परिसर में 20 पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों में अर्जुन, चम्पा, चितवन कुंजी, जामुन, नीम, इमली, गुठेल सहित अन्य पौधे शामिल हैं।
कार्यक्रम में एनजीओ ह्यूमिनिटी वेलफेयर सोसाइटी से जिला उल हक एवं मोहम्मद शावेज़, तथा कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत दिनांक 09 फरवरी 2026 को श्री सनातन धर्म संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, लाकमं-2 में किशोरी क्लब की स्थापना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।



