झरिया। नगर निगम चुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान में जुटे महापौर प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल ने एनाकोटी के समीप स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने शहरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं धनबाद के सर्वांगीण विकास की कामना की।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से उन्होंने आत्मीय मुलाकात की तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया। जनसंपर्क के दौरान अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं आधुनिक धनबाद के निर्माण के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं।
मंदिर दर्शन के पश्चात उन्होंने आसपास के इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया और लोगों से समर्थन की अपील की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
अमित कुमार अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि यदि जनता का विश्वास और सहयोग मिला तो धनबाद को विकास की नई दिशा और नई गति दी जाएगी।




