नावाडीह। नगर निगम चुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान के तहत महापौर प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल ने श्री राम कुंज, नावाडीह स्थित शिव मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने नगरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वांगीण विकास की कामना की।
मंदिर परिसर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान अमित कुमार अग्रवाल ने श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि नगर का समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और पारदर्शी प्रशासन उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से नगर को विकास की नई दिशा और नई गति दी जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने महापौर प्रत्याशी का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिनके समाधान का भरोसा उन्होंने दिया।




