धनबाद: नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और एक्शन मोड में है। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक स्थित स्ट्रांग रूम तथा बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनाए गए डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की सुरक्षित रख-रखाव, बिजली-पानी की उपलब्धता, शौचालय, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, परिवहन व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 16 फरवरी तक सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही 17 फरवरी को व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
मौके पर एसडीएम लोकेश बारंगे और एडीएम हेमा प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य “जीरो एरर इलेक्शन” सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है।







