धनबाद:
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत होली के अवसर पर धनबाद जिले की 3 लाख 51 हजार 661 महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जनवरी और फरवरी 2026 महीने की सम्मान राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में आधार-बेस्ड भुगतान के माध्यम से भेज दी गई है।
इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि जिले की कुल 3,51,661 महिलाओं को योजना का लाभ दिया गया है। इसके तहत कुल 1 अरब 75 करोड़ 83 लाख 5 हजार रुपये की राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में अंतरण की गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले दिसंबर महीने की सम्मान राशि भी लाभुकों को प्रदान की जा चुकी है।

उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जाती है।
जिले में प्रखंड और शहरी क्षेत्रों में सबसे अधिक लाभुक गोविंदपुर प्रखंड में 50,732, बाघमारा प्रखंड में 45,401 तथा झरिया अंचल में 44,955 महिलाएं हैं। वहीं अन्य प्रखंडों और अंचलों में भी हजारों महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि जिन लाभुकों का आवेदन स्वीकृत हो चुका है लेकिन उनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें फिलहाल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे सभी लाभुकों से जल्द से जल्द अपने बैंक खाते की आधार सीडिंग कराने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में लाभुकों का भौतिक सत्यापन कार्य भी तेज गति से चल रहा है। सत्यापन के बाद योग्य पाए जाने वाले लाभुकों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। जिन लाभुकों का अभी तक सत्यापन नहीं हुआ है, वे अपनी आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर सत्यापन प्रपत्र प्राप्त करें और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।



