गिरिडीह
होली के उल्लास के बीच गिरिडीह जिला से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के देवरी प्रखंड अंतर्गत चतरो बाजार निवासी दो बच्चे होली खेलने के बाद जमुआ प्रखंड क्षेत्र स्थित त्रिवेणी नदी (गोदाबरी नदी) में नहाने गए थे, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे अन्य साथियों के साथ नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक दोनों बच्चे पानी में लापता हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू कर दी। करीब तीन घंटे तक लगातार तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद जिला प्रशासन को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि राहत एवं बचाव टीम को भी अलर्ट किया गया था।
लगातार चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है और होली का उत्साह मातम में बदल गया।
प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में नहाते समय विशेष सतर्कता बरतें।












