धनबाद | 8 फरवरी 2026
नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान के दौरान धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के सभी 1016 मतदान केंद्रों को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया गया है, जहां मतदाताओं को एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र के 468 भवनों में 974 तथा चिरकुंडा नगर परिषद के 32 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती रहेगी। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निष्पक्ष चुनाव के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टैटिक सर्विलांस टीम, सीसीटीवी कैमरे, चेक पोस्ट, कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल एवं एक्सपेंडिचर सेल सक्रिय हैं। आमजन आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत प्रेक्षकों या कंट्रोल रूम में कर सकते हैं।
मतदान सामग्री का डिस्पैच 23 फरवरी को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा, जबकि मतदान के बाद सामग्री धनबाद पॉलिटेक्निक में जमा की जाएगी। 27 फरवरी को वहीं मतगणना होगी। चुनाव संचालन के लिए 6000 से अधिक कर्मी, 180 बस और 500 से अधिक वाहनों की व्यवस्था की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। क्विक रिस्पांस टीम और रशिंग पार्टी भी भ्रमणशील रहेगी। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी लाइसेंसी शस्त्र धारकों को 15 फरवरी तक शस्त्र जमा करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं 1.99 लाख रुपये से अधिक नगद राशि मिलने पर स्रोत की जानकारी देनी होगी, जबकि 10 लाख से अधिक नकदी मिलने पर आयकर विभाग को सूचित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरीय अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




