कथारा (बोकारो): बाँध पंचायत के महलीबाँध केंदुवा टोला स्थित महावीर मंदिर प्रांगण में रामनवमी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामनवमी की अष्टमी तिथि पर मंदिर परिसर में गगनचुंबी महावीर ध्वज फहराया जाएगा। वहीं नवमी के दिन ध्वज के साथ भव्य नगर भ्रमण जुलूस निकाला जाएगा, जो महलीबाँध से शुरू होकर कथारा मोड़ दुर्गा मंडप तक पहुंचेगा।
इस वर्ष आयोजन समिति द्वारा नई पताका लगाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को पंचायत समिति सदस्य चंद्रदेव यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों की एक टीम झंडा चौक, हजारीबाग से 70 मीटर लंबा महावीर ध्वज लेकर महलीबाँध पहुंची। ध्वज लाने वालों में शक्ति सिंह, कृष्णा रजवार, भुनेश्वर रजवार, लाल यादव और अशोक रजवार शामिल थे।
ध्वज के गांव पहुंचने पर महावीर मंदिर परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि रामनवमी को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच काफी उत्साह है और आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।
महलीबाँध रामनवमी पूजा समिति के सदस्य व अखाड़ा के लाइसेंसधारी कृष्णा रजवार ने बताया कि आगामी रामनवमी पूजा की तैयारियों को लेकर मंगलवार 17 मार्च को संध्या 5 बजे बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी ग्रामीणों की उपस्थिति अनिवार्य है।



