शामली, उत्तर प्रदेश | रिपोर्ट: प्रशन कुमारजनपद के शामली तहसील क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तहसील में कार्यरत एक व्यक्ति का शव पुलिया के समीप एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने दो स्थानीय वकीलों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम लांक निवासी करीब 50 वर्षीय विनोद के रूप में हुई है। वह शामली तहसील में वकीलों के चैंबरों में पानी पिलाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम विनोद ने अपने परिवार को फोन कर बताया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की है और उसकी जान को खतरा है।मृतक के पुत्र सुमित के अनुसार फोन कॉल के बाद परिजन तुरंत तहसील पहुंचे और मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने मिलकर काफी देर तक तलाश की। खोजबीन के दौरान विनोद का शव तहसील से करीब 500 मीटर दूर मेरठ हाईवे के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने दो स्थानीय वकीलों पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले को लेकर कुछ देर तक हंगामा भी हुआ।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



