शामली (उत्तर प्रदेश): रंगों का त्योहार दुल्हैंडी जिलेभर में धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। युवाओं और बच्चों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां मनाईं। शाम तक कई स्थानों पर युवा ढोल की थाप पर नाचते-गाते नजर आए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को जिलेभर में दुल्हैंडी का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही युवाओं और बच्चों ने घरों से निकलकर गली-मोहल्लों में रंगों के साथ धमाल मचाना शुरू कर दिया था। युवाओं के साथ बच्चों की टोलियां भी रंग-गुलाल उड़ाते हुए नजर आईं। मोहल्लों और गलियों में लोगों ने जमकर होली खेली। घरों में महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ होली का आनंद लिया।
कई स्थानों पर युवा डीजे की धुन पर थिरकते दिखाई पड़े। शहर के नया बाजार, आर्यपुरी, धीमानपुरा, रेलपार, रेलवे रोड, सुभाष चौक, भिक्की मोड़ और माजरा रोड समेत सभी मोहल्लों में युवा और बच्चे रंगों से सरोबार नजर आए। देर शाम तक कई स्थानों पर ढोल की थाप पर लोग नाचते-गाते रहे।
होली खेलने के बाद शाम को लोग अपने परिचितों और दोस्तों के घर पहुंचे तथा चाट, पकौड़ी, गुजिया और गोलगप्पे आदि का आनंद लिया। वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दुल्हैंडी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। युवाओं, बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर होली का भरपूर आनंद उठाया और पूरे दिन लोग जश्न में डूबे रहे।
इधर, पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस टीम समय-समय पर सड़कों पर गश्त करती रही और हुड़दंग मचाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कार्रवाई की बात कही।
रिपोर्ट: प्रशन कुमार, शामली (उत्तर प्रदेश)



