नगीना देहात थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार का निधन, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि
बिजनौर | रिपोर्ट: प्रशन कुमार (शामली, उत्तर प्रदेश)
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में ड्यूटी के दौरान एक दरोगा की हार्ट अटैक से मौत हो जाने से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। नगीना देहात थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार का मंगलवार को निधन हो गया।जानकारी के अनुसार, दरोगा सुनील कुमार सोमवार देर रात करीब 9 बजे एक होमगार्ड के साथ क्षेत्र में किसी घटना की सूचना पर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल नजीबाबाद के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।डॉक्टरों ने उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। घटना की सूचना मिलते ही नगीना क्षेत्राधिकारी अंजनेय कुमार, अपराध निरीक्षक नजीबाबाद योगेंद्र कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।मंगलवार को पुलिस लाइन बिजनौर में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा सहित अन्य अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संवेदना व्यक्त की।दरोगा सुनील कुमार, पुत्र इंद्रपाल सिंह, मूल रूप से शामली जिले के दयानंदनगर क्षेत्र के निवासी थे। वह पिछले लगभग 20 वर्षों से मेरठ के एकता नगर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं।सुनील कुमार वर्ष 1991 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और करीब 14 वर्ष पहले उन्हें उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया था। इससे पहले वह बरेली में तैनात थे और इसी साल जनवरी में उनका तबादला नगीना देहात थाने में हुआ था।फिलहाल पुलिस विभाग ने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।



